अनलॉक-1 में आज से रियायतों का दूसरा दौर शुरू हो रहा है. लॉकडाउन में बंद रहे देशभर के हजारों धार्मिक स्थल 8 जून से खुल रहे हैं. हालांकि महाराष्ट्र और झारखंड समेत कई अन्य राज्यों में अभी धार्मिक स्थलों के कपाट नहीं खुलेंगे. उधर वैष्णो देवी की यात्रा भी अभी शुरू नहीं होगी. धर्मस्थलों के अलावा आज से होटल, सैलून, रेस्टोरेंट भी शर्तों के साथ खोलने की इजाजत दे दी गई है. आज से दिल्ली में मॉल और रेस्त्रां खोले जाएंगे.
अनलॉक होते सिस्टम के सामने कोरोना का बढ़ता ग्राफ कड़वी हकीकत है. सरकार के तमाम दावों के बीच हालात किसी से छुपे नहीं हैं. दिल्ली में कोरोना बम फट चुका है. अबतक राजधानी में 27 हजार से ज्यादा कोरोना के मामले पहचाने जा चुके हैं. दिल्ली में एक-एक कर सब कुछ खुल रहा है. 8 जून से रेस्तरां, मॉल और धार्मिक स्थान भी खोल दिए जाएंगे.
नहीं खुलेगा श्री माता वैष्णो देवी मंदिर
श्री माता वैष्णो देवी यात्रा अभी बंद रहेगी. 8 जून से वैष्णो देवी मंदिर के द्वार नहीं खुलेंगे. हालांकि पहले श्राइन बोर्ड की तरफ से मंदिर खोलने की तैयारियां की गई थी, लेकिन जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने अभी राज्य में सभी मंदिरों को बंद कर दिया है. इसी क्रम में फिलहाल श्री वैष्णो देवी मंदिर भी 8 जून को बंद ही रहेगा.
9 जून से खुलेगा पंचकुला का मनसा देवी मंदिर
वहीं, हरियाणा के पंचकुला का प्रसिद्ध माता मनसा देवी मंदिर 8 जून से नहीं खुलेगा. मंदिर में कुछ इंतजाम का हवाला देते हुए बोर्ड ने 9 जून से मंदिर खोलने का फैसला किया है. मंदिर में प्रसाद और भंडारा लगाने पर पाबंदी रहेगी. सुबह 6:00 बजे से रात 8:15 बजे तक मंदिर में दर्शन हो सकेंगे. श्राइन बोर्ड की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करने के बाद ई टोकन मिलने मिलेगा और इसके बाद ही दर्शन होंगे. 65 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों और 10 साल से कम उम्र के बच्चों और साथ ही गर्भवती महिलाओं को मंदिर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी.



























