लुधियाना, 25 Dec किसानों की हिमायत में व्यापारी वर्ग भी उतर आए हैं जिसके चलते चौड़ा बाजार शॉपकीपर एसोसिएशन के नेतृत्व में लुधियाना स्थित चौड़ा बाजार में खुशीराम स्वीट्स से लेकर घंटाघर चौक तक कैंडल मार्च निकाला गया और किसानों के हित में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार से खेती कानून वापस लेने की मांग की।
कैंडल मार्च का नेतृत्व कर रहे व्यापारी नेता नवनीत गोपी और हैप्पी कालड़ा ने कहा कि पहले कोरोना संक्रमण के चलते लागू लॉकडाउन के कारण कई महीने व्यापार बंद रहा और व्यापारियों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा। अब केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा लाए खेती कानूनों के चलते एक बार फिर से व्यापारी वर्ग घाटे में है। उन्होंने कहा कि वे केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की ओर से लाए काले खेती कानूनों का विरोध कर रहे किसानों का समर्थन करते हैं, जो हमेशा से पंजाब विरोधी रही है। पहले उसने व्यापारियों के खिलाफ नीतियां बनाई और अब किसानों के विरोध में काम कर रही है।


























