लुधियाना का कंटेनमेंट जोन : बेखौफ आवाजाई, पुलिस भी नहीं तैनात, रेहड़ी पर गोल गप्पे के चटकारे ले रहे लोग

लुधियाना (14 JUNE ) छावनी मोहल्ला के बाद इस्लामगंज, हबीबगंज और सैंसी मोहल्ला में लगातार कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इन मोहल्लों से कोरोना संक्रमण बाहर न फैले, इसके लिए प्रशासन ने इन तीन मोहल्लों को भी कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया। कंटेनमेंट जोन घोषित होने के साथ ही इस एरिया में लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित करने के आदेश जारी कर दिए। मगर यह आदेश सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह गए।

प्रतिबंध लागू करवाने के लिए एरिया में एक भी पुलिस कर्मी को तैनात नहीं किया गया और कंटेनमेंट जोन में प्रतिबंध लागू करने के लिए गलियों के बाहर सिर्फ एक एक बांस लगा दिया। हालात यह है कि कंटेनमेंट जोन में लोग बेरोकटोक आ-जा रहे हैं। रेहड़ी वाला गली-गली घूमकर लोगों को गोलगप्पे परोस रहा है। कोरोना से बेखौफ लोग चटकारे लेकर गोलगप्पे खा रहे हैं।वहीं पहले से घोषित छावनी मोहल्ला में सुरक्षा के साथ साथ मेडिकल सुविधा के पुख्ता इंतजाम हैं। इस्लाम गंज, हबीब गंज व सैंसी मोहल्ला में 15 से ज्यादा मरीज आने पर शुक्रवार को प्रशासन ने इन इलाकों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया था। प्रशासन ने दावा किया था कि इस पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। मगर सच्चाई इससे परे है। इलाके में कोई पुलिस कर्मी तैनात नहीं मिला और न ही गलियां बंद मिलीं।

गलियों के बाहर आवाजाही रोकने के लिए बस एक-एक बांस लगाया गया है। लेकिन लोग उन्हें हटाकर आ जा रहे हैं। यही नहीं इन इलाकों के लोग दुकानों में आकर सामान खरीद रहे हैं और इन इलाकों में भी कुछ दुकानें खुली हैं। इतना जरूर है कि सेहत विभाग की टीमें इलाके में उन घरों का सर्वे करती रही जिन घरों में बाहर से लोग आए हैं।

इलाके की दो धर्मशालाओं में क्वारंटाइन सेंटर, लोगों में दहशत:-इस्लाम गंज में कुछ लोग महाराष्ट्र से आए हैं और उन्हें मोहल्ले की दो धर्मशालाओं में क्वारंटाइन किया गया है। इसकी वजह से लोगों में भारी दहशत है। इलाके में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ने की वजह से लोग डर रहे हैं। लोगों का कहना है कि मोहल्ले के बीच में इस तरह क्वारंटाइन न किया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here