बीजिंग: वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड 19) से दुनिया भर में अब तक 76.51 लाख लोग संक्रमित हुए हैं तथा 4.26 लाख से अधिक लोगों की इस जानलेवा विषाणु के कारण मौत हो चुकी है। अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के विज्ञान एवं इंजीनियरिंग केन्द्र (सीएसएसई) की ओर से जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक कोरोना वायरस से दुनिया भर में अब तक 76,50,696 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 4,25,869 लोगों की मौत हो चुकी है। इस वायरस से संक्रमित 34 लाख से अधिक मरीज ठीक हो चुके हैं। कोरोना वायरस से प्रभावित होने के मामले में अमेरिका विश्व भर में पहले और ब्राजील दूसरे तथा रूस तीसरे स्थान पर है। दूसरी तरफ इस महामारी से हुई मौतों के आंकड़ों के हिसाब से अमेरिका पहले, ब्राजील दूसरे और ब्रिटेन तीसरे क्रम पर आ गया है। भारत में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड 11,458 नये मामले दर्ज किये गये हैं और अब कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 3,08,993 हो गई है।
वहीं इस दौरान 386 लोगों की मृत्यु होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 8884 हो गई है। देश में इस समय कोरोना के 1,45,779 सक्रिय मामले हैं, जबकि इस महामारी से निजात पाने वालों की संख्या सक्रिय मामलों की तुलना में 8551 अधिक 1,54,330 है। भारत संक्रमण के मामले में विश्व में सबसे अधिक प्रभावित देशों की सूची में चौथे स्थान पर है। विश्व की महाशक्ति माने जाने वाले अमेरिका में कोरोना महामारी से अब तक 20,49,024 लोग संक्रमित हो चुके हैं तथा 1,14,672 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। ब्राजील में अब तक 8,28,810 लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं और 41,828 लोगों की मौत हो चुकी है। रूस में भी कोविड-19 का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है और यहां इसके संक्रमण से अब तक 5,10,761 लोग प्रभावित हुए हैं तथा 6705 लोगों ने जान गंवाई है। ब्रिटेन में इस संक्रमण के कारण हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। यहां अब तक इस महामारी से 2,94,402 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 41,566 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।


























