(11 JUNE ) शिरोमणि अकाली दल छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए शेर सिंह घुबाया के बेटे फाजिल्का से विधायक दविंदर सिंह घुबाया की फॉर्च्यूनर गाड़ी ने सोमवार की देर रात चंडीगढ़ रोड पर एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। इससे मुंडियां कलां निवासी भजनपाल उर्फ रवि की घटनास्थल पर मौत हो गई। हादसे के बाद सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंच गई। कार्रवाई होने के बाद विधायक घुबाया अपनी दूसरी गाड़ी में सवार होकर चंडीगढ़ रवाना हो गए।
विधायक घुबाया के ड्राइवर फाजिल्का के गांव टाहली वाल निवासी सुरिंदर सिंह उर्फ छिंदा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने विधायक की गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है। चौकी मुंडियां कलां के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर हरभजन सिंह ने बताया कि विधायक दविंदर सिंह घुबाया सोमवार की रात को लुधियाना से चंडीगढ़ अपनी फॉर्च्यूनर कार से जा रहे थे। जब वह मुंडियां के पास पहुंचे तो सरकारी स्कूल कट के पास एक बाइक ने टर्न ले लिया। जिससे गाड़ी ने सीधे बाइक सवार को टक्कर मार दी।


























