Site icon Dainik Punjab News

महाराष्ट्र में संक्रमितों का आंकड़ा 90 हजार के पार, दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव; देश में अब 2.73 लाख केस

नई दिल्ली. (09 JUNE)  देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 लाख 73 हजार 860 हो गई है। महाराष्ट्र में मंगलवार को 2258 नए मरीज सामने आए। राज्य में संक्रमितों की संख्या 90 हजार के पार हो गई है। अब तक 3289 लोगों ने जान गंवाई। यह आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं। उधर, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई। उन्हें रविवार से हल्के बुखार और खांसी की शिकायत है। मुख्यमंत्री सोमवार से सेल्फ क्वारैंटाइन में हैं, आज भी उनके सभी कार्यक्रम रद्द रहे। मंगलवार सुबह जांच के लिए केजरीवाल का सैंपल लिया गया।

दिल्ली में कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू

दिल्ली सरकार के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, एलजी अनिल बैजल और केंद्र सरकार के अफसरों के बीच दिल्ली में कोरोना के हालात को लेकर बैठक हुई। सिसोदिया ने बताया, ‘दिल्ली में 31 जुलाई तक साढ़े पांच लाख केस हो सकते हैं। केंद्र सरकार मानती है कि फिलहाल दिल्ली में कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं हो रहा है। जबकि दिल्ली सरकार को लगता है कि ऐसा शुरू हो चुका है। राजधानी को जुलाई के आखिर तक 80 हजार बेड की जरूरत होगी।’

इससे पहले, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि राजधानी में कोरोना का कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू हो गया है। आधे केस इसी तरह के सामने आए हैं। कम्युनिटी ट्रांसमिशन तब होता है जब संक्रमण के सोर्स का पता नहीं चले। हम यह तब कह सकते हैं, जब केंद्र इसका ऐलान करे।

कोरोना अपडेट्स 

बीमार और ठीक हुए मरीजों की संख्या बराबर पर पहुंची 
इस बीच यह बात अच्छी है कि जितने एक्टिव केस हैं, उतने ही मरीज ठीक हो रहे हैं। covid19india.org के मुताबिक, मंगलवार सुबह तक 1 लाख 29 हजार 345 मरीज बीमार हैं तो 1 लाख 29 हजार 95 स्वस्थ हो गए।

Exit mobile version